ठेकेदार का आरोप: ज्ञानेश ने 2 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी

2004 के एमसी रोड विकास प्रोजेक्ट से जुड़े एक ठेकेदार ने आरोप लगाया है कि मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, जब वे केरल के लोकनिर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सचिव थे, तब बिल पास करने में देरी की और इंडो-मलेशियन जॉइंट वेंचर ‘पीएटीआई-बीईएल के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर, ली सी बीन से 2 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी। तिरुवनंतपुरम में बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए साजन बीओ ने आरोप लगाया कि इसी वजह से ली ने आत्महत्या कर ली।

साजन ने कहा कि उनके पास मौजूद दस्तावेज और सबूत वे विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो को सौंप देंगे। यह ब्यूरो विश्व बैंक द्वारा फंडेड ‘केरल स्टेट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट’ के तहत सड़क नवीनीकरण कॉन्ट्रैक्ट में हुई गड़बड़ियों की जांच कर रहा है।

उन्होंने बताया, “अलाप्पुझा-चंगनासेरी और चंगनासेरी-मडुक्कमूडू हिस्सों को कवर करने वाले 124 किलोमीटर के सड़क विकास प्रोजेक्ट का कॉन्ट्रैक्ट 274 करोड़ रुपये में दिया गया था। हालांकि, 2005 में इस प्रोजेक्ट को रोक दिया गया। इस प्रोजेक्ट में कई ठेकेदार शामिल थे।”

उन्होंने आगे कहा, “अन्य अधिकारियों द्वारा पास किए गए बिलों को ज्ञानेश कुमार ने रोक दिया और 2 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी। लेकिन, मलेशियन कंपनी यह रकम देने को तैयार नहीं थी।”

साजन ने बताया कि ली ने बकाया चुकाने के लिए उसी कंपनी के एक अन्य प्रोजेक्ट (जो बेंगलुरु में चल रहा था) से पैसे निकाल लिए। बाद में, जब प्रोजेक्ट और फंड की मंजूरी जानबूझकर रोक दी गई और वह अपनी देनदारियां पूरी नहीं कर पाए, तो उन्होंने आत्महत्या कर ली।

साजन ने कहा कि वे विजिलेंस की जांच में पूरा सहयोग करेंगे। पीडब्ल्यूडी सचिव के तौर पर, ज्ञानेश कुमार केएसटीपी मेन सेंट्रल (एमसी) रोड के काम के प्रभारी थे।

कांग्रेस नेता मलयिनकीझु वेणुगोपाल की शिकायत के आधार पर, गृह मंत्री रमेश चेन्नीथला ने इस मामले में विजिलेंस जांच के आदेश दिए हैं।

(जनचौक ब्यूरो)

Leave a Reply