योगी के रवैये के खिलाफ प्रियंका गांधी की बड़ी पहल, आज 50 हज़ार कांग्रेस कार्यकर्ता फ़ेसबुक लाइव करके उठाएंगे मज़दूरों की आवाज़

प्रियंका गांधी।

(कल योगी सरकार का प्रवासी मज़दूरों के लिए कांग्रेस द्वारा मुहैया करायी गयी बसों को सूबे में न घुसने देने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार के इस रवैये का कांग्रेस ने आज पूर्व पीएम राजीव गांधी की शहादत दिवस के मौक़े पर पूरे देश में प्रतिरोध करने का फ़ैसला किया है। इसके तहत देश भर में पार्टी के 50 हज़ार कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर लाइव करके मज़दूरों की आवाज़ उठाएँगे। पेश है प्रियंका गांधी की पूरी अपील-संपादक)

साथियों, आपने देखा योगी सरकार का कोरोना महामारी से लड़ने का तरीका!

कांग्रेस पार्टी ने प्रवासी श्रमिकों के लिए बसों का इंतजाम किया तो योगी सरकार ने उप्र कांग्रेस के अध्यक्ष को फर्जी मुकदमे लगाकर जेल भेज दिया गया। 

कोरोना आपदा काल में पूरा देश एकजुट होकर महामारी से लड़ रहा है मगर यूपी सरकार श्रमिकों के लिए बस, ट्रेन टिकट, खाने और राशन का इंतजाम करने वालों को जेल में डाल रही है।

कल (आज) राजीव गांधी जी का 30वां शहादत दिवस है। राजीव जी ने देश के लिए अपनी जान दी। वे हिंदुस्तान और इसके वासियों से बेइंतहा प्यार करते थे। गरीबों का दर्द उनसे देखा नहीं जाता था।

हम सब उनकी सोच के वारिस हैं। हमने राजीव जी से सीखा है कमजोरों की मदद करना। हमें कोई नहीं डरा सकता। 

राजीव जी की याद करते हुए आज, 21 मई 2020, दोपहर 1 बजे से हमारे 50,000 कार्यकर्ता फेसबुक लाइव के माध्यम से श्रमिकों की आवाज उठाएंगे और राज्य दमन का विरोध करेंगे।

ये राजीव जी को एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी। 

पूरी कांग्रेस पार्टी, समस्त अग्रिम संगठन व विभाग और सेल, फोरम इत्यादि व हमारा एक एक कार्यकर्ता पूरी ताकत से श्रमिकों की आवाज उठाएंगे और राज्य दमन का प्रतिरोध करेंगे। 

समस्त पीसीसी पदाधिकारियों, समस्त जिला व शहर अध्यक्षों, फ्रंटल, विभागों, सेल के अध्यक्ष/इंचार्ज को पूरी शिद्दत से इसकी तैयारी में लग जाना है और दोपहर 12 बजे तक पीसीसी कार्यालय व सोशल मीडिया विभाग को जिले के भागीदारों की सूची लिखित या फोन से उपलब्ध करा देनी है। हम सबको मिलकर इसे सफल बनाना है।  

Leave a Reply