बिहार: महिला के साथ गैंगरेप का वीडियो वायरल, सभी 8 आरोपी अभी भी गिरफ़्त से बाहर

प्रतीकात्मक फोटो।

सीवान (बिहार)। बिहार में महिलाओं के साथ बढ़ती आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कुछ दिन पहले ही पटना में एक विधवा महिला के साथ दुष्कर्म कर वीडियो का मामला शांत नहीं हुआ था कि एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना देखने को मिल रही है। सीवान जिले में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला सीवान जिले के आंदर थाने का है। बताया जा रहा है कि आंदर थाना क्षेत्र के जयजोर गांव की नहर के पास चकरा झाड़ी में महिला से सामूहिक दुष्कर्म और फिर उसका वीडियो बनाया गया। 

वीडियो में लगभग आठ से ज्यादा युवक एक महिला के साथ मारपीट के साथ दुष्कर्म करते हुए देखे जा सकते हैं। पीड़िता बार-बार छोड़ देने की गुहार लगा रही है। वीडियो को लेकर पुलिस का कहना है कि घटना से संबंधित वीडियो 17 अगस्त का है। आरोपितों द्वारा महिला को सुनसान जगह पर अकेले देख दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।

जिले के एसपी अभिनव कुमार ने घटना को गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। आंदर, असांव, हसनपुरा, रघुनाथपुर और जीरादेई थाने के पुलिसकर्मियों की टीम बनाकर, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।

घटना से संबंधित पीड़िता की अभी तक कोई शिनाख्त नहीं हो पाई है, कारणों का पता लगाया जा रहा है। जिसमें यह बात भी शामिल है कि अभी तक पीड़िता किन कारणों से आरोपियों के खिलाफ शिकायत करने के लिए सामने नहीं आई।

Leave a Reply